मूसलाधार बारिश के बीच भरभराकर गिरी मकान की छत, विधवा महिला घायल

बेटियों ने समय रहते मां को बाहर निकालकर बचाई जान, चेयरमैन ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिलाया

बुलंद परवाज़ ब्यूरों
मुरादाबाद/पाकबड़ा। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच पाकबड़ा क्षेत्र में शनिवार को एक जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद विधवा महिला अनीसा पत्नी मरहूम ताहिर घायल हो गईं। छत गिरने की आहट मिलते ही उनकी बेटियों ने तत्परता दिखाते हुए अपनी मां को किसी तरह मकान से बाहर निकाल लिया। समय रहते महिला के बाहर आ जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना दिल्ली रोड पर बैंक ऑफ इंडिया के पास स्थित बुध बाजार मोहल्ले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अनीसा अपने सात बेटियों और एक बेटे के साथ लंबे समय से इसी जर्जर मकान में रह रही थीं। लगातार बारिश के कारण मकान की स्थिति पहले से ही खराब बनी हुई थी। शनिवार को परिवार के सदस्य रोजमर्रा के घरेलू काम में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक मकान की छत से गिरने की आवाज आने लगी और देखते ही देखते छत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा।


अचानक हुए हादसे से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। छत गिरने का अंदेशा होते ही महिला की बेटियों ने बिना देर किए अपनी मां को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान अनीसा के बाजू में चोट लग गई। पीड़िता ने बताया कि बारिश के कारण मकान की हालत काफी खराब हो गई थी और अचानक छत गिरने लगी। बच्चों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाल लिया।
मकान की छत गिरने की जानकारी मिलते ही पाकबड़ा चेयरमैन हाजी मोहम्मद यकूब घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर हादसे की स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। चेयरमैन ने परिवार को तत्काल मदद का भरोसा दिलाते हुए हरसंभव सहयोग करने की बात कही।


उन्होंने परिवार की स्थिति को देखते हुए सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। हादसे के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी समस्या सुरक्षित रूप से रहने की है, क्योंकि जिस मकान में परिवार रह रहा था, वह पहले से ही जर्जर हालत में बताया जा रहा है और बारिश के कारण खतरा और बढ़ गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवार की स्थिति पर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुरक्षित स्थान पर रहने की व्यवस्था की जरूरत है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और बारिश के दौरान किसी सुरक्षित स्थान पर आवास उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को दोबारा किसी अनहोनी का सामना न करना पड़े। मौके पर दानिश मलिक सहित नगर पंचायत की टीम भी मौजूद रही। टीम ने स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से जानकारी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *