ट्रकों के वायर चोरी करने की सूचना पर मचा हड़कंप, डायल-112 और थाना पुलिस पहुंची मौके पर; जांच के बाद तीनों को पार्किंग स्वामी के सुपुर्द किया
बुलंद परवाज़ ब्यूरो
मैनाठेर। पाकबड़ा-डींगरपुर रोड स्थित रसूलपुर अड्डे की ट्रक पार्किंग में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन युवकों को ट्रकों के वायर चोरी करने के शक में पकड़ लिया गया। बताया गया कि पार्किंग स्वामी और चौकीदार जुमे की नमाज पढ़ने के लिए गए थे। इसी दौरान तीन युवक पार्किंग में घूमते दिखाई दिए, जिसके बाद लोगों को उन पर चोरी का शक हुआ।

मामले की सूचना डायल-112 को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद थाना मैनाठेर की पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों से पूछताछ की और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें तीन युवकों को पकड़कर चोरी का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई।
वहीं, थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने मामले में अलग तस्वीर सामने रखी। उन्होंने बताया कि तीनों लोग नशे की हालत में थे और पार्किंग में घूम रहे थे। किसी व्यक्ति ने उन्हें चोर समझकर चोरी करने की सूचना दे दी थी। सूचना मिलने पर डायल-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा तीनों की जांच-पड़ताल की गई।

थाना प्रभारी के मुताबिक जांच में तीनों के खिलाफ चोरी किए जाने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद तीनों को पार्किंग स्वामी कर्रार के सुपुर्द कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीनों नशे में थे, उन्हें चोर समझ लिया गया था। मामले को लेकर बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना चर्चा में आ गई।
