राखी बांधने मायके आ रही महिला की ट्रक से कुचलकर मौत, पति गंभीर घायल

डींगरपुर चौराहे पर दर्दनाक हादसा, पुलिस पर ट्रक चालक को भगाने और लापरवाही का आरोप; बिना सूचना शव पोस्टमार्टम भेजने पर भड़के परिजन, सीओ के आश्वासन पर शांत हुए

बुलंद परवाज़ ब्यूरो | गुलाम मुस्तफा

बिजनौर के नया गांव निवासी पूनम त्यागी (42) अपने पति बिरजू त्यागी के साथ बाइक से मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव भीखनपुर चोपड़ा स्थित मायके आ रही थीं। डींगरपुर चौराहे के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पूनम सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति बिरजू गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस पर ट्रक चालक को भगाने का आरोप

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि हादसे के समय चौराहे पर पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। इसके बावजूद ट्रक चालक को मौके पर नहीं पकड़ा गया। परिजनों का आरोप है कि हादसे में शामिल वाहन को मौके से भगा दिया गया। इसके बाद स्वजन ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

oplus_0

बिना सूचना शव पोस्टमार्टम भेजने पर नाराजगी

घायल बिरजू ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो पूनम का शव देखकर चीख-पुकार मच गई। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि पुलिस ने परिजनों को सूचना दिए बिना शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसको लेकर परिजनों में आक्रोश फैल गया।

परिजनों ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, आरोपी वाहन की पहचान करने और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सीओ के आश्वासन पर शांत हुए परिजन

हंगामे की सूचना पर सीओ बिलारी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए।

सीओ बिलारी अशोक कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पूनम त्यागी अपने पीछे तीन बच्चों दिव्या, मनीषा और अभय कुमार को छोड़ गई हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *