शादी के दो दिन बाद पत्नी गहने लेकर फरार, पुलिस से कार्रवाई की गुहार

धर्मवीर का आरोप- बिचौलिये ने शादी के नाम पर लिए ₹70 हजार, पत्नी करीब एक लाख रुपये के जेवर लेकर भागी

बुलंद परवाज़ | मुरादाबाद
मैनाठेर। थाना क्षेत्र के ग्राम खजरा निवासी धर्मवीर ने शादी के नाम पर ठगी और पत्नी के जेवर लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। धर्मवीर के मुताबिक, 26 अगस्त को बिचौलिये सतपाल निवासी इस्लामनगर, बदायूं और उसके साथियों ने उसकी शादी नीतू निवासी परसिया देवार, देवरिया से कराई थी। आरोप है कि शादी कराने के नाम पर उससे ₹70 हजार नकद लिए गए। शादी मैनाठेर थाने के सामने स्थित शिव मंदिर में हुई थी। विवाह के दौरान फोटो और वीडियो भी बनाए गए थे। पीड़ित का आरोप है कि शादी के दो दिन बाद 29 अगस्त को नीतू ने फोटो खिंचवाने और खरीदारी करने की बात कही।

वह उसे कुन्दरकी के गूलर चौराहे पर ले गई। वहां नीतू ने धर्मवीर को अनार खरीदने के लिए भेज दिया। इसी दौरान वह उसके घर के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित के अनुसार, जेवरों की कीमत करीब एक लाख रुपये है।


धर्मवीर ने पत्नी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उसने बिचौलिये और उसके साथियों पर योजनाबद्ध तरीके से शादी कराकर ठगी करने की आशंका जताई है।

पीड़ित का कहना है कि उसने 29 अगस्त को थाना मैनाठेर में लिखित तहरीर दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब धर्मवीर ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, ₹70 हजार की रकम और जेवर बरामद कराने की मांग की है। पीड़ित ने विवाह के फोटो-वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कराने की भी मांग की है।
बही थाना प्रभारी किरनपाल सिंह से फ़ोन पर बात कर बयान लेने की दो बार कोशिश की गई मगर फ़ोन नहीं उठाया गया,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *