बरैठा खिजरपुर में गंदगी का ऐसा हाल, रास्ते बने मुसीबत!

नालियां गंदगी से भरीं, रास्तों पर पानी; बच्चों को इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाने की मजबूरी, ग्रामीण बोले- आखिर सफाई कब होगी?

बुलंद परवाज़ ब्यूरो
मैनाठेर। बरैठा खिजरपुर गांव में इन दिनों गंदगी और जलभराव ने ग्रामीणों की नाक में दम कर रखा है। गांव की नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं और पानी निकलने के बजाय रास्तों पर फैल रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को आने-जाने में भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि नालियों के किनारे घास-फूस इतनी बढ़ गई है कि उसमें सांप-बिच्छुओं का डर बना रहता है। बच्चों की परेशानी और भी बड़ी है। उन्हें स्कूल जाने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सवाल ये है कि जब रास्ते ही साफ नहीं होंगे तो बच्चे स्कूल कैसे पहुंचे

बरेठा में अपने ही आप सफाई करते ग्रामीण

ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से गांव में नहीं आता। वहीं ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी भी इस समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। गंदगी से परेशान ग्रामीणों ने खुद सफाई अभियान चलाने और जलभराव दूर कराने की मांग उठाई।

ग्राम प्रधान के खिलाफ विरोध जताते ग्रामीण

मामला सामने आने के बाद एडीओ पंचायत कुलदीप सिंह ने गांव में टीम भेजकर सफाई कराने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि सफाई का ये आश्वासन कब जमीन पर दिखाई देता है।

इस दौरान तकाबुल हसन, नसीम, मोहम्मद शमीम, गोशे आलम, मोहम्मद साहिल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *