मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप, पति समेत ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का दावा; फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
बुलंद परवाज़ ब्यूरों /
मुरादाबाद
मैनाठेर। थाना क्षेत्र के गांव ताहरपुर अब्बल में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 26 वर्षीय विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या करने और शव को पंखे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डींगरपुर निवासी इब्ले हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी हुमा की शादी करीब सात वर्ष पहले ताहरपुर अब्बल निवासी फाजिल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने को लेकर उसे ताने देते थे। पति फाजिल, ससुर साजिद, सास रेहाना और देवर जिलानी व रब्बानी पर विवाहिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पिता के अनुसार, कुछ माह पहले पति ने हुमा को तीन तलाक दिया था। इसके बाद इद्दत पूरी की थी, मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद भी उसके साथ कथित रूप से उत्पीड़न जारी रहा।

परिजनों के मुताबिक 27 अगस्त की रात हुमा को कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि दहेज और रुपये की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि इसके बाद हुमा की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया, जिससे मामला आत्महत्या का लगे। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने का भी दावा किया है। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं।

28 अगस्त की सुबह करीब छह बजे पुलिस ने मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन ताहरपुर पहुंचे। मायके वालों का आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मैनाठेर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मैनाठेर पुलिस के अनुसार, मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
घटना की जानकारी पर सीओ बिलारी अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
