गदीपुरा और रूपपुर में एक ही रात तीन घरों में वारदात, ब्लेड से मच्छरदानी काटकर सोती महिलाओं पर किया हमला; दिव्यांग महिला को घसीटकर आंगन तक ले गया बदमाश, घटना से ग्रामीणों में दहशत
बुलंद परवाज़ ब्यूरो
कुंदरकी। मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र के दो गांवों में गुरुवार रात कच्छा-बनियान पहने बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। गदीपुरा और रूपपुर गांव में बदमाशों ने तीन घरों में घुसकर आंगन में सो रही महिलाओं को निशाना बनाया। बदमाश ब्लेड से मच्छरदानी काटकर महिलाओं के पास पहुंचे और उनके कानों से सोने की बालियां व झुमके खींचकर फरार हो गए। एक महिला ने विरोध करते हुए बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो वह उसे घसीटते हुए आंगन तक ले गया। एक ही रात में दो गांवों में हुई इन वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, गदीपुरा निवासी जर्रार की पत्नी सायबा (50) गुरुवार रात अपने घर के आंगन में मच्छरदानी लगाकर सो रही थीं। रात करीब 12 बजे दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाशों ने पहले ब्लेड से मच्छरदानी काटी। इसके बाद सो रही सायबा के कान से सोने की बाली खींच ली। अचानक हुई इस घटना से महिला की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर बदमाश मौके से भाग निकले।
दूसरी महिला के कानों से भी झुमके नोचे
गदीपुरा में ही बदमाशों ने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। गांव निवासी गफ्फार की पत्नी नसीमा (45) भी रात में अपने परिवार के साथ घर के आंगन में सो रही थीं। नसीमा के मुताबिक, रात करीब एक बजे बदमाश उनके घर में पहुंचे और ब्लेड से मच्छरदानी काटने के बाद उनके कानों से सोने के झुमके खींच लिए। महिला के शोर मचाने पर परिवार के लोग जाग गए। उन्होंने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश खेतों की ओर भाग निकले। रात के समय हुई इन घटनाओं से गांव के लोग सहम गए।

रूपपुर में दिव्यांग महिला को घसीटा
इसके बाद बदमाशों ने निकटवर्ती गांव रूपपुर में वारदात को अंजाम दिया। यहां दिव्यांग उवेश की दिव्यांग पत्नी शबाना घर में सो रही थीं। आरोप है कि बदमाशों ने उनके घर में घुसकर ब्लेड से मच्छरदानी काटी और उनके कानों से झुमके खींच लिए। शबाना ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश ने उन्हें घसीटते हुए आंगन तक पहुंचा दिया। इसके बाद वह उन्हें छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के दौरान महिला के साथ हुई इस हरकत से परिवार के लोग भी घबरा गए।

एक ही रात में तीन वारदातों से ग्रामीणों में डर
गदीपुरा और रूपपुर में एक ही रात तीन महिलाओं के कानों से सोने के आभूषण छीने जाने की घटनाओं के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। वारदातों में बदमाशों के घरों में घुसने, मच्छरदानी काटने और सोती महिलाओं को निशाना बनाने के तरीके ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण रात के समय घरों की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। घटना के बाद क्षेत्र में बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश को लेकर चर्चा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

