डिंगरपुर में अधूरी नाला खुदाई बनी मुसीबत, दुकानदारों का कारोबार प्रभावित

संभल-मुरादाबाद रोड पर पुलिस चौकी के पास करीब दो माह से खुदा पड़ा नाला, जलभराव और दलदल से लोगों की आवाजाही बंद

बुलंद परवाज़ ब्यूरो
मुरादाबाद। संभल-मुरादाबाद मार्ग स्थित डिंगरपुर पुलिस चौकी के पास नाला निर्माण के लिए की गई खुदाई करीब दो माह से अधूरी पड़ी है। नाला निर्माण के नाम पर करीब 10 फीट चौड़ी और काफी गहरी खुदाई किए जाने के बाद काम पूरा नहीं होने से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद यहां जलभराव और दलदल की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है।

स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, डिंगरपुर पुलिस चौकी के पास एक मार्केट स्थित है। बताया गया कि 31 जुलाई 2026 को नाला निर्माण का आश्वासन देकर यहां खुदाई शुरू कराई गई थी। दुकानदारों का कहना है कि खुदाई के बाद उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही नाले का निर्माण पूरा कर दिया जाएगा, लेकिन करीब दो महीने बीतने के बावजूद काम अधूरा पड़ा है।

अधूरी खुदाई के कारण मार्केट तक पहुंचने का रास्ता बेहद खराब हो गया है। जलभराव और दलदल के चलते दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अस्पताल और अन्य प्रतिष्ठान भी हैं, जहां मरीजों और उनके तीमारदारों का आना-जाना रहता है। रास्ता खराब होने के कारण मरीजों और आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

दुकानदारों का आरोप है कि नाला निर्माण की अधूरी खुदाई ने उनके कारोबार को बुरी तरह प्रभावित किया है। ग्राहकों के नहीं पहुंचने से दुकानों की बिक्री पर भी असर पड़ा है। लोगों ने कहा कि यदि जल्द ही नाला निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो समस्या और गंभीर हो सकती है।

इस संबंध में स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों ने जिलाधिकारी मुरादाबाद को प्रार्थना पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की है। व्यापारियों ने जिलाधिकारी से संबंधित कार्यदायी संस्था को तत्काल प्रभाव से नाला निर्माण पूरा कराने के निर्देश देने और जलभराव व दलदल की समस्या दूर कराने की मांग की है।

प्रार्थना पत्र देने वालों में मोहम्मद नाजीर, सुभाष सिंह, डॉक्टर मोहम्मद जुनैद, हसीम अहमद, आजम इंटरप्राइजेज सहित अन्य व्यापारी शामिल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और मार्केट की स्थिति को देखते हुए नाला निर्माण जल्द पूरा कराया जाना जरूरी है, ताकि दुकानदारों का कारोबार सामान्य हो सके और आम लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *