बकरीद को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील

मैनाठेर थाना परिसर में पुलिस प्रशासन ने लोगों के साथ की बैठक, सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने का किया आह्वान।

मैनाठेर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार शाम मैनाठेर थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भड़काऊ पोस्ट एवं वीडियो को न शेयर करें और न ही उन पर विश्वास करें।
थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद मनाने की बात कही। इस दौरान क्षेत्र के कई सम्मानित व्यक्ति और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *