नगरवासियों के विरोध और शिकायत पर चौकी इंचार्ज ने मांगी अनुमति, ठेकेदार नहीं दिखा सका परमिशन
BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK MORADABAD
मैनाठेर/मुरादाबाद। नगर पंचायत महमूदपुर माफी में बिना अनुमति लगाए जा रहे नुमाइश मेले को पुलिस ने रुकवा दिया। नगर के लोगों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मेले की परमिशन मांगी, लेकिन ठेकेदार कोई वैध अनुमति नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने मेले की तैयारियां तुरंत बंद करा दीं और सामान जल्द हटाने की चेतावनी दी। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत महमूदपुर माफी में दिसंबर माह में पहली बार नुमाइश मेला लगाया गया था, जिससे नगरवासियों में काफी उत्साह देखा गया था। लेकिन दो माह भी पूरे नहीं हुए कि उसी मैदान में दोबारा नुमाइश मेला लगाने की तैयारियां शुरू कर दी गईं। इसको लेकर नगर के कई लोगों ने विरोध जताते हुए प्रशासन से शिकायत कर दी। नगरवासियों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के जबरन मेले की तैयारियां कराई जा रही थीं। शुक्रवार को लोगों ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर मेले को रुकवाने की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मेला मैदान में काम चल रहा था। इस दौरान महमूदपुर माफी चौकी इंचार्ज दीपक राणा ने ठेकेदार से मेले की अनुमति पत्र दिखाने को कहा, लेकिन कोई भी वैध परमिशन प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही मेले का कार्य रुकवा दिया और चेतावनी दी कि बिना अनुमति के कोई भी आयोजन नहीं किया जाएगा। नगरवासियों का कहना है कि दो माह पहले ही नुमाइश मेला लगा था, जिसमें लोगों के रिश्तेदार भी आए थे और बच्चों ने भी मेले की जिद की थी। जैसे-तैसे मजदूर और गरीब परिवारों ने खर्च करके मेला देखा था। अब ईद से ठीक पहले दोबारा मेला लगाए जाने से गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
लोगों ने यह भी कहा कि नगर में पहले कभी ईद के मौके पर इस तरह का मेला नहीं लगा और यह एक नई परंपरा शुरू की जा रही है, जिसे रोका जाना चाहिए। मेले को लेकर नगर में काफी आक्रोश है और महिलाएं भी इसके विरोध में सामने आ रही हैं। वहीं चौकी इंचार्ज दीपक राणा ने बताया कि नगर के लोगों की ओर से मेले को लेकर शिकायत पत्र दिया गया है। शिकायत के आधार पर मौके पर चल रहा कार्य फिलहाल रुकवा दिया गया है।
