जुआ खेल रहे लोगों पर पुलिस की दबिश, 1055 रुपये व सात मोटरसाइकिल पकड़ी

मो. आज़म राणा (बुलंद परवाज़ न्यूज़ )

कुंदरकी। थाना क्षेत्र के ग्राम नैय्याखेड़ा में खेतों के बीच चल रहे जुए की महफिल पर पुलिस ने दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग मौके से फरार हो गए। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार बुधवार रात पुलिस गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नैय्याखेड़ा गांव के खेतों में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी की कोशिश की। पुलिस की भनक लगते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग खेतों की ओर भाग निकले। मौके से जुआ खेलने का सामान और 1055 रुपये बरामद होने की बात कही गई है। इसके अलावा आसपास खड़ी सात मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने कब्जे में लिया। इधर ग्रामीणों का कहना है कि नैय्याखेड़ा क्षेत्र में काफी समय से जुए का अड्डा संचालित हो रहा था जहां रोजाना बड़ी रकम का खेल होता है और आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां लग्ज़री गाड़ियों से पहुंचते हैं। वहीं कार्रवाई के दौरान बरामद रकम को लेकर भी क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। वहीं पुलिस ने पूरे मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू करदी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *