मैनाठेर में ट्रैक्टर की चपेट में आया मासूम, हालत गंभीर

BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK

घर के बाहर खेल रहे चार वर्षीय बच्चे को रौंदा, निजी अस्पताल में भर्ती, केस दर्ज

मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम अमीर हमजा पुत्र अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा डींगरपुर–पाकबड़ा मार्ग पर भेसोंडा अड्डे के पास उस समय हुआ, जब बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था। घायल बच्चे को आनन-फानन में मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार कुरी गांव निवासी एक युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बरैठा गांव निवासी अकरम का चार वर्षीय बेटा घर के दरवाजे के पास खेल रहा था। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और मासूम उसकी चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत गंभीर है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *