बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर दबंगों का हमला, पीड़िता ने पुलिस को दिया प्रार्थना पत्र, कार्रवाई की मांग
कुंदरकी। थाना कुंदरकी क्षेत्र के गांव कुतुबपुर अज्जु में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला के साथ चौराहे पर सरेआम मारपीट की गई। घटना का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि शुक्रवार की सुबह वह अपने ससुर रनवीर सिंह को देखने गई थी। इसी दौरान उसने देखा कि गांव का ही निवासी उमंग ठाकुर उसके ससुर के साथ मारपीट कर रहा था। महिला ने जब इसका विरोध किया और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोप है कि उमंग ठाकुर के साथ मौजूद खुशीराम, उमेश और दो महिलाओं ने मिलकर उस पर भी हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने महिला के साथ गाली-गलौच की और चौराहे पर सरेराह लाठी-डंडों से मारपीट की। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी बीच किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मारपीट और हंगामे के दृश्य साफ तौर पर देखे जा सकते हैं। पीड़ित महिला ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज को भी साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जारही है।
