खेत पर कब्जे की कोशिश का विरोध करने पर हमला करने का आरोप, पुलिस ने मारपीट ओर फायरिंग से किया इनकार
मैनाठेर। थाना क्षेत्र के ग्राम ललवारा में खेत की मेड़ जोतने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामले में एक पक्ष ने मारपीट और फायरिंग का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायती पत्र दिया है, जबकि पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। ग्राम ललवारा निवासी सद्दाम हुसैन ने मैनाठेर थाने में दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि रविवार सुबह वह अपने खेत पर गया था। इसी दौरान उसके बराबर वाले खेत के स्वामी मुन्नू हाजी उसकी मेड़ और जमीन जोत रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की। सद्दाम का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मुन्नू हाजी ने उस पर देशी कट्टे से फायर कर दिया।फायरिंग होते ही वह घबरा गया और जान बचाकर मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही डींगरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। वहीं थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि मामला खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद का है। प्रथम दृष्टया मारपीट या फायरिंग जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।खबर लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी।

