सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट, मैनाठेर पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

सीसीटीवी, ड्रोन और सूचना बोर्ड के जरिए रखी जा रही नजर, थाना प्रभारी किरनपाल सिंह बोले— सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

मैनाठेर (मुरादाबाद)। सावन माह में कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मैनाठेर थाना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ कर दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक किरनपाल सिंह एवं गांगन चौकी प्रभारी आकाश त्यागी के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा मार्गों पर व्यापक निगरानी और सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, निगरानी संबंधी बोर्ड और यातायात जागरूकता सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इन माध्यमों से श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और यातायात सुचारु रूप से संचालित होता रहे।

इसके अलावा पूरे कांवड़ मार्ग पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस टीम भी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त कर रही है। ड्रोन के माध्यम से भीड़ की गतिविधियों, यातायात की स्थिति और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात को सुचारु रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने कांवड़ियों और आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *