कीचड़ में तब्दील हुई सड़क तो ग्रामीणों ने बो दिए धान, अनोखे विरोध से जिम्मेदारों की कार्यशैली पर उठाए सवाल

सुंदरपुर कल्याण में वर्षों से बदहाल रास्ते को लेकर महिलाओं का फूटा गुस्सा, ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और क्षेत्र पंचायत के खिलाफ नारेबाजी, डीएम से लगाई गुहार

oplus_0

मैनाठेर (मुरादाबाद)। मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर कल्याण में बदहाल सड़क और जलभराव से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। गांव के मुख्य रास्ते पर घुटनों तक कीचड़ और दलदल होने से नाराज महिलाओं और ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। उन्होंने सड़क पर धान की रोपाई कर यह संदेश दिया कि जब रास्ता सड़क की बजाय खेत जैसा बना दिया गया है, तो उसमें धान ही उगाया जाएगा।

oplus_0

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और क्षेत्र पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का यह मुख्य रास्ता लंबे समय से बदहाल पड़ा है। बरसात शुरू होते ही सड़क पूरी तरह दलदल में बदल जाती है। पैदल निकलना तो दूर, दोपहिया वाहन भी फिसलने लगते हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को होती है। कई बार लोग कीचड़ में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

oplus_0

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आरोप है कि विकास कार्यों के दावे कागजों तक ही सीमित हैं, जबकि गांव की हकीकत बदहाल रास्ते बयां कर रहे हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर ही जिलाधिकारी मुरादाबाद के नाम शिकायती पत्र भेजकर सड़क का तत्काल निर्माण कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो ग्रामीण बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में राजमाला, बसंतिया, लढेतिया, नीरज, पूनम, प्रियंका, कश्मीरा, डॉली, मिथलेश, अनीता, सुमरतिया, रामप्यारी, संतरेश, सावित्री, सुनहरी, शमीम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *