कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने विधि-विधान से पूजा के बाद किया भगवान श्रीपरशुराम की प्रतिमा का अनावरण
बुलंद परवाज़ ब्यूरो, मुरादाबाद
बिलारी। नगर के शाहाबाद रोड स्थित भगवान परशुराम पार्क में शनिवार को भगवान श्रीपरशुराम की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे का कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। प्रतिमा के अनावरण से पहले विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने भगवान श्रीपरशुराम की प्रतिमा का अनावरण किया।

कैबिनेट मंत्री के आगमन पर जेसीबी पर खड़े होकर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के आयोजक सभासद एवं भाजपा नेता देवेश शर्मा ने फूलों की माला पहनाकर तथा भगवान परशुराम का फरसा भेंट कर स्वागत किया। पालिका अध्यक्ष रघुराज यादव ने गदा भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ग्रीनवुड फार्म पहुंचे, जहां आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद सतपाल सैनी का भी स्वागत किया गया। पूर्व एमएलसी एवं पूर्व भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, पूर्व भाजपा प्रत्याशी सुरेश सैनी, महमूदपुर माफी चेयरमैन मंगल सैनी, श्याम बिहारी, चौधरी चंद्रपाल सिंह समेत अन्य अतिथियों को पटका पहनाकर एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. विश्वास शर्मा, डॉ. विजय शर्मा, पंडित मोहनलाल शर्मा, राजीव कुमार शर्मा, अनिल चौधरी, चौधरी भारत सिंह, सभासद दानवीर शर्मा, निहाल सिंह, अजयपाल सिंह एडवोकेट, डॉ. गीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं लोग मौजूद रहे। मंच का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता संजय सक्सेना ने किया।
