रात्रि ग्राम चौपाल में जनसमस्याओं की गूंज, विधायक रामवीर सिंह ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

मुरादाबाद, संवाददाता। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के डींगरपुर में पेट्रोल पंप के सामने आयोजित रात्रि ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर व्यापक चर्चा हुई। चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। देर रात तक चली चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और बुजुर्गों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को स्कूटियां वितरित की गईं। विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की मंशा है कि गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिले और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

रात्रि ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा उप जिलाधिकारी बिलारी भी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में अधिकारियों ने मौके पर ही शिकायतों के निस्तारण के निर्देश जारी किए, जबकि अन्य मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर हल कराने का आश्वासन दिया।

चौपाल को संबोधित करते हुए विधायक रामवीर सिंह ने केंद्र सरकार के सफल 12 वर्षों की उपलब्धियों तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और विभिन्न पेंशन योजनाओं ने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने और पात्र व्यक्तियों तक उनकी जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख पति गुलाम जिलानी, मंडल अध्यक्ष संजय कश्यप, गुलाम रब्बानी, अरविंद ठाकुर, राजवीर सैनी, फरमूद प्रधान, नावेद प्रधान, एडवोकेट मोहम्मद उवेद, मुजाहिद पाशा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गुलाम रब्बानी ने किया। चौपाल के समापन पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *