डींगरपुर में चलती कार बनी आग का गोला, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

संभल से मुरादाबाद जा रही कार में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, समय रहते गाड़ी रोककर चालक और साथी ने बचाई जान

मैनाठेर। थाना क्षेत्र के डींगरपुर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब संभल से मुरादाबाद की ओर जा रही एक कार में अचानक आग लग गई। कार में दो लोग सवार थे। आग लगने की जानकारी मिलते ही चालक फरमान ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को तत्काल सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार डींगरपुर क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी उसमें से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। चालक की तत्परता के चलते दोनों सवार समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार को भारी नुकसान पहुंचा है। चालक की समझदारी और समय पर लिए गए फैसले की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *