फूलों की बारिश, शीतल पेय वितरण और शांति के साथ निकली शोभायात्रा; पुलिस रही मुस्तैद
मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र के मिलक और गुरेर गांव में भारत रत्न भीमराव आंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो अपने निर्धारित मार्गों से होती हुई पूरे गांव में भ्रमण करती रही। शोभायात्रा के दौरान बाबा साहब की आकर्षक झांकियां लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर जयंती का स्वागत किया और कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ग्राम प्रधान अरुण कुमार ने बताया कि जयंती पूरी तरह से निर्धारित मार्गों पर शांतिपूर्ण ढंग से निकाली गई, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने एकजुट होकर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने गांव में भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है।
वहीं ग्राम प्रधान पद प्रत्याशी गुलाम रब्बानी ने शोभायात्रा पर फूलों की बारिश कर स्वागत किया और सभी उपस्थित लोगों को कोल्ड ड्रिंक वितरित कर आपसी एकता और भाईचारे का संदेश दिया। इस मौके पर मोहम्मद अतीक, दिलशाद नेता जी, सरफराज आलम, अशरफ भाई, जुल्फिकार सुनार, शमशाद ठेकेदार, हाजी जुल्फिकार, साजिद, मुस्तफा, मिंजार, जुबैर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकी प्रभारी राजनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। उनकी निगरानी में पूरी शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।


