मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला छीनने पर पुलिस से धक्का-मुक्की

कलक्ट्रेट पर पुतला फूंकने की कोशिश के दौरान दो प्रदर्शनकारी घायल; एसआईआर पर रोक, काटे गए वोट बहाल करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग

बुलंद परवाज़ ब्यूरो
मुरादाबाद। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शनिवार को मुरादाबाद में केंद्रीय ट्रेड यूनियन एवं जन संगठनों की समन्वय समिति ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कलक्ट्रेट परिसर में पुतला फूंकने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने पुतला छीन लिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें ट्रेड यूनियन से जुड़े दो लोग घायल हो गए।


प्रदर्शन की शुरुआत सिविल लाइंस स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क से हुई। यहां केंद्रीय ट्रेड यूनियन एवं जन संगठनों की समन्वय समिति के सदस्य एकत्र हुए। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने वहां पुतला जलाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया।
धक्का-मुक्की में दो लोग घायल
पुतला छीनने के दौरान हुई धक्का-मुक्की में जिला कमेटी के सदस्य याकूब सैफी और कचहरी ब्रांच के सचिव सुशील बिश्नोई घायल हो गए। घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर रोक लगाने और मतदाता सूची से हटाए गए वोटों को बहाल करने की मांग की गई।


पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ कुछ पुलिस अधिकारियों ने अशोभनीय व्यवहार किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी उठाई।
समन्वय समिति के सदस्यों का कहना था कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज को लेकर सवाल उठ रहे हैं और चुनाव व्यवस्था में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने की मांग की।
इस दौरान कासिम अली, मुस्तलीव, शमशाद, मेराज, आसिम, दानिश, नाजिम, महिपाल सिंह एडवोकेट, रोहिताश राजपूत, सीताराम, संतोष वर्मा, बहादुर अली, थान सिंह, चंद्रपाल सिंह आजाद, श्याम लाल, जुल्फीकार सैफी, राविक हुसैन और ताहिर अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *