बेहतर कवरेज करने वाले पत्रकारों को मिलेगा ‘यंग जर्नलिस्ट अवार्ड’, पत्रकारों के हित में काम करने और यूनियन के कार्यक्रमों में सहयोग देने वालों को भी किया जाएगा सम्मानित
मुरादाबाद। यूपी वर्किंग जनरलिस्ट यूनियन की ओर से रविवार को पत्रकारों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह सुबह 11 बजे यूनियन के मंडलीय कार्यालय, कोहिनूर तिराहा के निकट नेशनल इंटर कॉलेज के पास, धीमरी रोड स्थित ख्वाजा नगर में होगा। कार्यक्रम को लेकर यूनियन पदाधिकारियों और पत्रकारों में उत्साह है।
यूपी वर्किंग जनरलिस्ट यूनियन के मंडल अध्यक्ष मोहम्मद जान तुर्की ने बताया कि समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर और प्रभावी कवरेज करने वाले पत्रकारों को ‘यंग जर्नलिस्ट अवार्ड’ देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा ऐसे पत्रकार साथियों को भी सम्मान दिया जाएगा, जो यूनियन के विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और संगठन की गतिविधियों में अपना सहयोग देते हैं।
उन्होंने बताया कि पत्रकार समाज और जनता के बीच एक अहम कड़ी का काम करते हैं। पत्रकार अपनी मेहनत और लगन से लोगों की समस्याओं और उनकी आवाज को सामने लाने का काम करते हैं। इसी मेहनत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यूनियन की ओर से पत्रकारों को सम्मानित किया जा रहा है।
समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा चयनित पत्रकारों को ‘यंग जर्नलिस्ट अवार्ड’ प्रदान किए जाएंगे। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान से पत्रकारों का हौसला बढ़ता है और उन्हें बेहतर तरीके से जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में पत्रकारों और यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों के मौजूद रहने की उम्मीद है।
