सड़क के गहरे गड्ढे में गिरकर कई दोपहिया वाहन चालक घायल

महमूदपुर माफी में संभल-मुरादाबाद रोड का हाल, स्थानीय लोगों ने गड्ढा भरवाकर सड़क दुरुस्त कराने की मांग की

बुलंद परवाज़ ब्यूरो
मैनाठेर। नगर पंचायत महमूदपुर माफी क्षेत्र में संभल-मुरादाबाद रोड पर सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। गड्ढे की वजह से कई दोपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार होकर घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बना यह गड्ढा लगातार हादसों को न्योता दे रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, संभल-मुरादाबाद रोड पर महमूदपुर माफी के पास सड़क पर काफी गहरा गड्ढा बना हुआ है। रात के समय कम रोशनी और तेज रफ्तार के कारण दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरते हैं। कई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं।


लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढे के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद अभी तक गड्ढे को भरवाने और सड़क की मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और नगर पंचायत प्रशासन से सड़क के गड्ढे को जल्द भरवाने तथा सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब हालत से वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *