टीएमयू अंडरपास के पास घूमता दिखा तेंदुआ, क्षेत्र में फैली दहशत

ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने खींचीं तस्वीरें, सूचना मिलते ही वन विभाग को किया गया अलर्ट

बुलंद परवाज़ ब्यूरों पाकबड़ा।

शुक्रवार सुबह टीएमयू अंडरपास के पास तेंदुआ दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। अंडरपास से गुजर रहे लोगों और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तेंदुए को घूमते हुए देखा। इसके बाद कई लोगों ने उसकी तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर दीं, जिससे यह खबर तेजी से वायरल हो गई।


जानकारी के अनुसार, बागड़पुर गांव के निकट स्थित तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के अंडरपास के पास तेंदुआ दिखाई दिया। सबसे पहले अंडरपास के नीचे ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की नजर गन्ने के खेत से निकलकर सड़क की ओर आते तेंदुए पर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ कुछ देर तक अंडरपास के आसपास घूमता रहा। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें खींच लीं। देखते ही देखते तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और लोगों में भय का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ पिछले दो से तीन दिनों से क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। तेंदुए के लगातार दिखाई देने की चर्चाओं के कारण आसपास के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

सूचना मिलने के बाद पाकबड़ा पुलिस ने वन विभाग को मामले की जानकारी दी। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले खेतों या सुनसान स्थानों पर न जाने की अपील की है। गौरतलब है कि अब तक तेंदुए की मौजूदगी देहात क्षेत्रों तक सीमित मानी जा रही थी, लेकिन शहर के नजदीक उसके दिखाई देने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *