मुरादाबाद-चंदौसी राजमार्ग पर हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तहरीर का इंतजार
कुंदरकी। मुरादाबाद-चंदौसी राजमार्ग पर सोमवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर मंगोल निवासी 60 वर्षीय रामलाल दिवाकर ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार शाम वह गांव डोमघर में सवारियां छोड़कर वापस कुंदरकी लौट रहे थे। इसी दौरान बिलारी की ओर से मुरादाबाद जा रही तेज रफ्तार कार ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रामलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। रामलाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी ज्ञानवती का रो-रोकर बुरा हाल है। पुत्र श्यामलाल और पुत्री रेखा सहित अन्य परिजनों का भी दुख से बुरा हाल है। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि मुरादाबाद-चंदौसी राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से राजमार्ग पर प्रभावी यातायात नियंत्रण, गति सीमा का कड़ाई से पालन कराने और सड़क सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने की मांग की है। कार्यवाहक थाना प्रभारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल ई-रिक्शा चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

