प्रेम विवाह के कुछ साल बाद उजड़ गया परिवार, सिर पर ईंट से हमले के आरोप में दहेज हत्या का मुकदमा; तीन मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
मैनाठेर। कभी मोहब्बत के साथ शुरू हुई जिंदगी का सफर आखिरकार एक दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गया। रसूलपुर हमीर गांव में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति नसीम को गिरफ्तार कर लिया है। जिस प्रेम कहानी ने निकाह तक का सफर तय किया था, वह अब दहेज हत्या के मुकदमे और एक परिवार की बर्बादी की कहानी बन गई है।
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान नसीम ने अपनी पत्नी के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।
मृतका के पिता ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए मैनाठेर थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने पहले मुकदमा दर्ज किया और महिला की मौत के बाद उसमें दहेज हत्या की धारा बढ़ा दी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने रविवार सुबह नसीम पुत्र जाहिद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है कि जिस रिश्ते की शुरुआत प्रेम से हुई थी, उसका अंत इतनी दर्दनाक घटना में कैसे हो गया। वहीं मां को खो चुके तीन मासूम बच्चों का भविष्य अब सबसे बड़ा सवाल बनकर सामने खड़ा है। उनकी आंखों से निकले आंसू इस पूरे हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर बन गए हैं।

