प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: दहेज प्रताड़ना और नशे की लत के आरोपों के बीच हुई हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार
मैनाठेर। थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर हमीर में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव रसूलपुर हमीर निवासी नसीम ने करीब छह वर्ष पहले सना (30 )से प्रेम विवाह किया था। दोनों के तीन बच्चे हैं। आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद नसीम ने पत्नी सना के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सना लहूलुहान होकर कमरे में गिर पड़ी।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही नसीम दहेज की मांग को लेकर सना को प्रताड़ित करता था। वह दहेज में नकदी और भैंस की मांग करता था। मृतका के पिता ने बताया कि सुबह उनकी नवासी घर पहुंची और रोते हुए बताया कि उसके पिता ने मां के सिर पर ईंट मार दी है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो उनकी बेटी कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी हुई थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी नसीम नशे का आदी है और अक्सर घरेलू विवाद करता रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही मैनाठेर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाद में घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
तीन मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस दर्दनाक घटना के बाद तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस जघन्य वारदात से स्तब्ध है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिश्ते की नानी की गोद मे बैठे मासूम…………….

मृतका सना का फोटो ओर आरोपी पति के साथ……

मृतका के रोते बिलखते परिजन………….
