सुंदरपुर में सफाई व्यवस्था पर बवाल, सफाईकर्मी के खिलाफ ग्रामीणों का हंगामा

“कई दिनों से नहीं हो रही सफाई” — ग्रामीणों का आरोप, विरोध प्रदर्शन कर जताया आक्रोश; ग्राम प्रधान बबलू सिंह ने आरोपों को बताया निराधार

मुरादाबाद : मैनाठेर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में सफाई व्यवस्था को लेकर उस समय माहौल गर्म हो गया, जब ग्रामीणों ने सफाई न होने का आरोप लगाते हुए सफाईकर्मी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीणों ने गांव की गलियों में जमा गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर अपना आक्रोश जाहिर किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव में नियमित सफाई नहीं की जा रही है, जिससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं और नालियां जाम पड़ी हैं। इसके चलते बदबू और गंदगी से लोगों का जीना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी सफाईकर्मी अपनी जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरत रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान बबलू सिंह ने सफाईकर्मी पर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि गांव में नियमित रूप से सफाई कराई जा रही है और कुछ लोग बेवजह माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधान ने भरोसा दिलाया कि अगर कहीं कोई कमी है तो उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा।
इस मौके पर सालिम मलिक, मो. फिरोज, अनवर अली, वसीम मलिक, इदरीस हुसैन, मो. कादिर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में गांव की सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग उठाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *