भात देकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को डंपर ने मारी टक्कर, 2 की मौत

14 घायल, मैनाठेर क्षेत्र में मचा हड़कंप, सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा

मुरादाबाद, संवाददाता: बुलंद परवाज़
संभल-मुरादाबाद मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। हादसा थाना मैनाठेर क्षेत्र के डींगरपुर-असदपुर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार गिट्टी-रोड़ी से भरे डंपर ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग भात देकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल मुरादाबाद भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्रशासन की सख्ती के बावजूद जारी लापरवाही
उत्तर प्रदेश में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारियां ढोने पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *