बच्चों के सामने मां-बाप को चाकुओं से गोदकर मार डाला
मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक में सोमवार रात करीब 8 बजे दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर के अंदर बच्चों के सामने ही राजा (30) और उसकी पत्नी फराह (26) की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।
घटना के वक्त बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
मकान के विवाद ने ली जान
पुलिस के मुताबिक, राजा ने करीब एक साल पहले पड़ोसी फहीम और आरिफ से रामगंगा किनारे बना एक कमरे का मकान ₹2.24 लाख में खरीदा था। ₹2 लाख देने के बाद राजा ने मकान पर कब्जा ले लिया था, लेकिन रजिस्ट्री नहीं हुई थी।
बताया जा रहा है कि बचे ₹24,000 की जगह अब ₹40,000 की मांग को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। रविवार को भी झगड़ा हुआ था, जिसमें मारपीट तक हुई थी।
बच्चों के सामने किया हमला
सोमवार रात आरोपी फरजंद और उसके साथी घर में घुस आए और पहले राजा से मारपीट की। पत्नी फराह बचाने आई तो उसे भी पीटा गया। इसके बाद बच्चों के सामने ही दोनों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। दोनों को 10 से ज्यादा वार किए गए, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई तेज
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सतपाल अंतिल, डीआईजी मुनिराज समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मुख्य आरोपी फहीम को हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पूरे इलाके में दहशत, जांच जारी…


