मुरादाबाद-संभल हाईवे पर महमूदपुर माफी के पास हुआ हादसा; ससुराल जाते समय टूटा परिवार, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
मुरादाबाद जनपद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मुरादाबाद-संभल हाईवे पर महमूदपुर माफी के पास एक ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गुड्डू (30) के रूप में हुई है, जो बदायूं जिले के इस्लामनगर निवासी अली अहमद के पुत्र थे। हादसे के वक्त गुड्डू अपने चार वर्षीय बेटे ताजदार के साथ मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल, मैनाठेर क्षेत्र के गांव अल्लापुर भीखनपुर जा रहे थे। इसी दौरान महमूदपुर माफी के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका बेटा भी बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत मुरादाबाद के जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने गुड्डू को मृत घोषित कर दिया, जबकि मासूम ताजदार का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक किरन पाल ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

