मस्जिद कमेटी ने लगाया ₹5.16 लाख गबन का आरोप, मारपीट की धमकी का मामला थाने पहुंचा

मैनाठेर की हबीबी मस्जिद कमेटी ने तीन लोगों पर दुष्प्रचार, गाली-गलौज और शांति भंग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्यवाही की मांग की

मुरादाबाद के थाना मैनाठेर क्षेत्र के ग्राम मैनाठेर स्थित हबीबी मस्जिद कमेटी ने मस्जिद की धनराशि के कथित गबन, गाली-गलौज और मारपीट की धमकी के गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायती पत्र दिया है। कमेटी ने पुलिस से मामले में सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, मस्जिद का पूर्व संचालन गांव के ही तीन लोगो द्वारा किया जाता था। कमेटी का आरोप है कि इनके कार्यकाल के दौरान मस्जिद की कुल ₹5,16,000 की धनराशि का हिसाब बकाया पाया गया। कई बार कहने के बावजूद जब उक्त लोगों ने रकम वापस नहीं की, तो कमेटी ने उनसे मस्जिद का संचालन वापस ले लिया। कमेटी का यह भी आरोप है कि इसी रंजिश में तीनों आरोपित अब मस्जिद कमेटी और वर्तमान इमाम के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। आए दिन मस्जिद परिसर में पहुंचकर गाली-गलौज करना, जान से मारने की धमकी देना और झगड़ा करने का प्रयास करना उनकी दिनचर्या बन गई है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपितों की अपनी अलग मस्जिद और कब्रिस्तान होने के बावजूद वे हबीबी मस्जिद के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल खराब होने की आशंका है। मस्जिद कमेटी ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ गबन, धमकी और शांति भंग करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने, इमाम व कमेटी सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। थाना प्रभारी किरनपाल सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कि जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *