ग्राम प्रधान अरुण कुमार की अगुवाई में निकली यात्रा, सरबत व शीतल पेय वितरण के साथ दिया भाईचारे और समरसता का संदेश
मिलक गुरेर गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा गांव उत्साह और श्रद्धा में डूबा नजर आया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जगह-जगह फूलों की बारिश कर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्राम प्रधान अरुण कुमार के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में सामाजिक एकता और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सरबत और शीतल पेय का भी विशेष इंतजाम किया गया, जिससे गर्मी के बीच लोगों को राहत मिली। ग्राम प्रधान अरुण कुमार ने बताया कि जयंती पूरी तरह से निर्धारित मार्गों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने एकजुट होकर भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने गांव में भाईचारे और सामाजिक समरसता का मजबूत संदेश दिया है।
वहीं, शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। इस आयोजन ने न सिर्फ बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया, बल्कि गांव में एकता, सद्भाव और आपसी प्रेम की भावना को भी और मजबूत किया।

