कुंदरकी थाना क्षेत्र के चकफजलपुर रोड स्थित एक रूई मशीन गोदाम में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा गोदाम धुएं व लपटों से घिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार गोदाम में रूई से तखिया, लिहाफ और गद्दे तैयार किए जाते थे। बड़ी मात्रा में मौजूद रूई और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए संभल और अमरोहा से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया और उसे आसपास के गोदामों व आबादी तक फैलने से रोक लिया। घटनास्थल पर फायर विभाग व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर दमकल टीम का सहयोग किया। आग लगने से गोदाम में रखा तैयार व कच्चा माल पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

