सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों व साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी किया जागरूक
मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करने के लिए गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी सुरक्षा व सम्मान के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
गोष्ठी में उपस्थित महिलाओं को विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कृषि कर भुगतान योजना, कन्या सुमंगला योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया। इनमें वूमेन पावर लाइन 1090, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्डलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। कार्यक्रम में साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए और जागरूकता के लिए पंपलेट वितरित किए गए।
इस अवसर पर मिशन शक्ति प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह व महिला कांस्टेबल आशा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

