मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत मैनाठेर थाना क्षेत्र में जागरूकता गोष्ठी, महिलाओं-बालिकाओं को किया गया जागरूक

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों और साइबर अपराध से बचाव के प्रति किया गया सचेत

मुरादाबाद जनपद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में बुधवार को मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। गोष्ठी में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कृषि कर भुगतान योजना, कन्या सुमंगला योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया। इसके साथ ही महिलाओं को उनकी सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। जिसमें वूमेन पावर लाइन 1090, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 और 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्डलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पंपलेट भी वितरित किए गए। इस मौके पर मिशन शक्ति प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल रितु और नीरा उपस्थित रहीं, जिन्होंने महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *