मुरादाबाद-सम्भल रोड पर हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम; घटना के बाद लगा जाम, डम्पर चालक फरार
मैनाठेर (मुरादाबाद): रविवार को मुरादाबाद-सम्भल रोड पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार डम्पर ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद से सम्भल अपने घर जा रहे बाइक सवार समीर (22 वर्ष) और अयान (20 वर्ष), निवासी चौधरी सराय सम्भल, जैसे ही लालपुर हमीर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डम्पर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद डम्पर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार डम्पर चालक की तलाश के साथ आगे की कार्यवाही की जा रही है।
