चौधरी मो आसिफ
मुरादाबाद। जनपद के थाना कटघर क्षेत्र स्थित गुलाब बाड़ी चुंगी पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मृतक महिला की पहचान महजबीन के रूप में हुई है, जो रामपुर जिले के तहेरी गांव की निवासी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, महजबीन अपनी बहन के साथ स्कूटी से कहीं जा रही थीं, तभी अचानक एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद महजबीन सड़क पर गिर गईं और ट्रक के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर रामपुर दौराहा चौकी पर खड़ा कर दिया है। बताया जा रहा है कि ट्रक में सीमेंट लदा हुआ था। इसके साथ ही ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस हादसे को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि शहर में निर्धारित नो-एंट्री समय के बावजूद भारी वाहन लगातार अंदर प्रवेश कर रहे हैं, जिससे आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी चौराहे पर एक रोडवेज बस ने शिवम सैनी नाम के युवक को कुचल दिया था।
नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहनों की एंट्री पर उठे सवाल, कुछ दिन पहले भी इसी चौराहे पर हो चुकी है ऐसी ही घटना
