Mohd Asif Choudhary
थाना प्रभारी किरनपाल सिंह के नेतृत्व में कई गांवों में निकाला गया फ्लैग मार्च, लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील
मुरादाबाद। जनपद के थाना मैनाठेर क्षेत्र में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। ईद-उल-फितर और नवरात्र जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। यह फ्लैग मार्च मैनाठेर क्षेत्र के कई प्रमुख गांवों और कस्बों से होकर गुजरा, जिसमें महमूदपुर माफी, नगलिया मश्कूला, असालत नगर बघा, आज़मबाली मिलक, मैनाठेर, डींगरपुर, ताहरपुर, फरीदपुर, खड़ंजा और गांगन शामिल रहे। इस दौरान पुलिस टीम ने आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने की अपील की। थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ नजर आया, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का एहसास और मजबूत हुआ। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और त्योहारों को भाईचारे के साथ मनाने का भरोसा दिलाया।
