बीटेक छात्रा आत्महत्या मामले में एक आरोपी जेल भेजा

सोनकपुर थाना क्षेत्र का मामला, पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी रिपोर्ट; एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा

बुलंद परवाज़ ब्यूरों
मुरादाबाद। सोनकपुर थाना क्षेत्र में बीटेक छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में युवती के पिता की तहरीर पर आठ अक्टूबर 2026 को फरहत जहां, उवैश, यासीन और फैज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी आईएफटीएम विश्वविद्यालय, लोधीपुर में बीटेक की छात्रा थी। उन्होंने 22 जून 2026 को नोएडा स्थित ग्लोबल इंस्टीट्यूशन ऑफ साइबर सिक्योरिटी में एआई कोचिंग के लिए उसका दाखिला कराया था। नोएडा में अपनी मौसी के घर से कोचिंग जाती थी।

बाद में उसने कोचिंग के पास पीजी में कमरा ले लिया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि नोएडा में छात्रा को प्रताड़ित किया गया। साथ ही अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए धमकाने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए। परिजनों के मुताबिक पीड़िता ने 26 अगस्त 2026 को आत्महत्या कर ली थी। पुलिस के एफआईआर विवरण के अनुसार, सोनकपुर थाने में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 351(3), अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v) तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धाराएं 3 और 5(1) शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *