सरकारी योजनाओं और सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी, साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
मुरादाबाद। गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत थाना मैनाठेर क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर माफी स्थित एक शिक्षण संस्थान में महिला एवं बालिकाओं के लिए जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
गोष्ठी के दौरान उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं को विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कृषिकार भुगतान योजना, कन्या सुमंगला योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही महिलाओं को उनकी सुरक्षा और सम्मान के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। इनमें वूमेन पावर लाइन 1090, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवाएं 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्डलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव के प्रभावी उपाय भी बताए गए तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। इस मौके पर मिशन शक्ति प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक राखी शर्मा एवं महिला कांस्टेबल सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

