बेटी की शादी की खरीदारी करने गई थी महिला, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश
BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK
मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा कस्बे के बाजार गंज स्थित नैनीताल बैंक के पास रविवार को खरीदारी करने आई एक महिला के थैले से 75 हजार रुपये नकद और पुरानी सोने की नथनी चोरी कर ली गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, अफसाना पुत्री याद अली उर्फ बाबू की शादी के लिए उसकी मां सहाना बाजार में खरीदारी करने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि सहाना अपने साथ पुरानी सोने की नथनी लेकर आई थी, जिसे बेचकर बेटी के लिए नए जेवर खरीदने की योजना थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उसके थैले से 75 हजार रुपये नकद और नथनी पार कर दी।
थैले से नकदी और जेवर गायब होने का पता चलते ही महिला की हालत बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी मनोज परमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की संभावना है।
