राजकीय संप्रेक्षण गृह से 5 किशोर बंदी फरार, 11 नामजदों पर मुकदमा

BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK MORADABAD

मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) से पांच किशोर बंदियों के फरार होने की घटना सामने आई है। सभी किशोर देर रात संप्रेक्षण गृह की छत के रास्ते कूदकर फरार हो गए। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।प्रभारी अधीक्षक मुकेश कुमार चौधरी की तहरीर पर थाना सिविल लाइंस में मामला दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में पुलिस ने कुल 11 लोगों को नामजद किया है। नामजदों में फरार हुए पांच किशोरों के साथ-साथ एक कांस्टेबल, तीन होमगार्ड और दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, फरार किशोरों में दो अमरोहा जनपद, एक मुरादाबाद तथा दो उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के निवासी हैं। सभी किशोर विभिन्न आपराधिक मामलों में निरुद्ध थे और न्यायालय के आदेश पर संप्रेक्षण गृह में रखे गए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, जबकि सीमावर्ती जनपदों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार किशोरों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।
इस घटना ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की भूमिका पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। यह भी जांच का विषय है कि किशोरों को फरार होने का अवसर कैसे मिला और इसमें लापरवाही की सीमा क्या रही।
प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों द्वारा जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के उपरांत दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *