पाकबड़ा के क्योर हॉस्पिटल में प्रसव के बाद बिगड़ी हालत, गांव नरोदा में मातम
BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK MORADABAD……
मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव नरोदा में उस वक्त मातम छा गया, जब एक प्रसूता की प्रसव के दौरान मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार गांव निवासी रीना (30) पत्नी धर्मवीर को गुरुवार देर शाम प्रसव पीड़ा होने पर पाकबड़ा स्थित क्योर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा इलाज किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि उसी रात प्रसव के दौरान रीना ने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार सुबह शव गांव नरोदा पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आस-पास मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
रीना अपने पीछे दो मासूम बच्चों—देव (7 वर्ष), अनाया (3 वर्ष) और एक दिन की नवजात बच्ची—को छोड़ गई है। एक दिन की नवजात को नानी की गोद में देखकर हर कोई भावुक हो उठा। शनिवार देर शाम मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं घटना को लेकर मृतका के परिजनों ने पाकबड़ा पुलिस को शिकायत पत्र सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
