BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK DELHI…….
नई दिल्ली। लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी को मंगलवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया। पार्टी ने औपचारिक रूप से पांच बार के विधायक नितिन नबीन के नाम का ऐलान किया। नितिन नबीन इससे पहले निर्विरोध रूप से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे।
नितिन नबीन इस पद पर पहुंचने वाले भारतीय जनता पार्टी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। उनके चयन को पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव और संगठन को नई ऊर्जा देने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगी तथा पार्टी राष्ट्रसेवा के अपने संकल्प को नई गति देगी।
जेपी नड्डा ने बताया ऐतिहासिक क्षण
पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
जेपी नड्डा ने इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा—
“दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी को आज एक युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली नेता के रूप में नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिला है।”
उन्होंने आगे कहा कि नितिन नबीन ने बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला है और उन्हें न केवल अपनी ओर से, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की तरफ से भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं हैं।
संगठन में नई ऊर्जा की उम्मीद
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन के नेतृत्व में बीजेपी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी चुनावों की रणनीति को धार देने पर फोकस किया जाएगा।
