


लखनऊ/मुरादाबाद।
शारदीय नवरात्र के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति 5.0 की शुरुआत कर दी है। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर केंद्रित यह अभियान पूरे प्रदेश में जोर-शोर से चलाया जा रहा है।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से इस अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुरादाबाद के मैनाठेर थाना में भी दिखाया गया। प्रसारण में बड़ी संख्या में स्कूल टीचर्स, छात्राएं, महिला पुलिस कर्मी और स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य का संबोधन सुना।
30 दिन तक चलेगा विशेष अभियान
22 सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान पूरे 30 दिनों तक चलेगा। इस दौरान एंटी-रोमियो स्क्वाड सक्रिय रहेगा। महिला पुलिस अधिकारी गांव-गांव जाकर महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े अधिकार और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगी।
पिंक बूथ और विशेष प्रशिक्षण
नगर निगम क्षेत्रों में 24 घंटे सहायता उपलब्ध कराने के लिए पिंक बूथ स्थापित किए जाएंगे। वहीं, मिशन शक्ति केंद्रों के पुलिसकर्मियों को महिलाओं की समस्याओं से जुड़ी परिस्थितियों में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता
अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करने के लिए संवाद और कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
हेल्पलाइन और सम्मान
महिला हेल्पलाइन 1090 पर आने वाली हर शिकायत का तुरंत और गंभीरता से निपटारा किया जाएगा। साथ ही, अच्छा कार्य करने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित भी किया जाएगा।
थाने में रहा उत्साह
मैनाठेर थाने में आयोजित प्रसारण कार्यक्रम में थाना प्रभारी किरनपाल सिंह, अपराध निरीक्षक अजय कुमार समेत पूरा पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। महिला पुलिस बल ने भी यह भरोसा दिलाया कि वे सीधे संवाद के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं का समाधान करेंगी। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार का यह अभियान समाज में जागरूकता और विश्वास जगाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
