तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से कार खाई में गिरी

दिल्ली के पांच श्रद्धालु गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जलालपुर मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी ये पांचों लोग रामनगर के आई क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दर्शन करने आए थे।
दर्शन के बाद वे कार से वापस दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान जलालपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और सूचना मिलने पर एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर कुंदरकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। घायलों की पहचान दिल्ली निवासी दीपांशु जैन, मुकेश, सर्वेश, सचिन और संजय के रूप में हुई है। सभी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *