सीलपुर–ढकिया मार्ग पर स्कूटी सवारों को बनाया निशाना, युवक को मारकर किया घायल
BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK MORADABAD…..
कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम सीलपुर–ढकिया मार्ग पर तमंचे के बल पर एक महिला और उसके चचेरे भाई के साथ लूट की वारदात सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार संभल जनपद के गांव चिमयावली निवासी एक महिला अपने मायके कुंदरकी के गांव सीलपुर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थी। शादी का कार्यक्रम शुक्रवार को कुंदरकी स्थित बिग स्टार मैरिज हॉल में आयोजित था। महिला अपने चचेरे भाई फिरोज के साथ स्कूटी से शादी समारोह में शामिल होकर वापस गांव सीलपुर लौट रही थी।
इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार हथियारों से लैस दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मारकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने फिरोज के सिर पर तमंचे की बट से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक मौके पर ही बेहोश हो गया।
इसके बाद बदमाशों ने तमंचे के बल पर महिला के साथ लूटपाट की। पीड़िता के अनुसार बदमाश उसके कानों के सोने के झाले, हाथ की अंगूठी, नोज़वीन और गले का हार समेत लाखों रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने किसी तरह परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी बिलारी अशोक कुमार ने बताया कि थाना कुंदरकी में तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
