चेयरमैन कौसर अब्बास व भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ‘रिंकू’ ने फीता काटकर किया उद्घाटन
बुलंद परवाज़ (शाहरुख़ खान )
सिरसी (सम्भल)। नगर पंचायत सिरसी के वार्ड नंबर 5 में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए लाला नत्थू जी के मकान से जवाहर लाल ग्राउंड तक नवनिर्मित दो सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर आज विधिवत उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों की भारी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के सम्भल जिला अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ‘रिंकू’ तथा विशिष्ट अतिथि पंकज गुप्ता, पूर्व लोकसभा संयोजक एवं विधानसभा प्रभारी उपस्थित रहे। नवनिर्मित सड़कों का उद्घाटन नगर पंचायत सिरसी के चेयरमैन कौसर अब्बास एवं मुख्य अतिथि चौधरी हरेंद्र सिंह ‘रिंकू’ द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
नगर पंचायत चेयरमैन कौसर अब्बास ने कहा कि नगर पंचायत सिरसी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभासदगण, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा नगर के अनेक सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे ही जनकल्याणकारी कार्यों की अपेक्षा व्यक्त की।
नगर पंचायत सिरसी विकास, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर है।
