BULAND PARWAZ DIGITAL DESK MORADABAD…..
ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)।
थाना क्षेत्र के धोबियन मस्जिद के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने लूना सवार वृद्ध दंपत्ति को टक्कर मार दी। हादसे में 65 वर्षीय खैरुन निशा की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति जलिस अहमद (68 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दंपत्ति जनपद रामपुर के थाना मसवासी क्षेत्र के गांव लाडपुर के रहने वाले हैं। दोनों ठाकुरद्वारा स्थित अपने मकान पर लौट रहे थे। जैसे ही वे धोबियन मस्जिद के पास पहुंचे, सामने से आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने घायल जलिस अहमद को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि ठाकुरद्वारा में तिकोनी पार्क से काशीपुर चुंगी तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे मार्ग पर जाम और वन-वे यातायात की स्थिति बनी हुई है। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
